गंग्याल के प्राचीन शिव मंदिर में विशाल संत सम्मेलन, श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब
जम्मू, 01 मार्च (हि.स.)। जम्मू के गंग्याल क्षेत्र स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में भव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच विशाल संत सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों साधु-संतों और साध्वियों ने भाग लेकर अपने प्रेरणादायक प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा नजर आया।
इस धार्मिक आयोजन का संचालन गंग्याल ब्राह्मण सभा के चेयरमैन कृष्ण कुमार शर्मा के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने बताया कि कई दशकों से चली आ रही इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी सम्मेलन भव्य स्तर पर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करना और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति व परंपराओं से जोड़ना है।
सम्मेलन में संतों ने धर्म, मानवता, सेवा, सदाचार और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन और सत्संग का आयोजन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण और भजनों की मधुर ध्वनि से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में रमन भल्ला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संतों का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने सभी संतों, अतिथियों और भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प दोहराया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा