गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव पर 30 नवंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
जम्मू, 26 नवंबर (हि.स.)। श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में 30 नवंबर को जम्मू से पठानकोट तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री गुरु रविदास सभा, ट्रस्ट, सोसायटी एवं प्रबंधन समिति की ओर से श्री श्री 108 स्वामी गुरदीप गिरी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाली यह यात्रा सुबह 9:30 बजे बाहु किले स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज से रवाना होगी।
प्रेसवार्ता में आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा गुज्जर नगर पुल, विवेकानंद चौक, डोगरा चौक, तवी पुल, विक्रम चौक, सतवारी, गंग्याल और कुंजवानी से होते हुए बड़ी ब्राह्मणा, विजयपुर, सांबा, घगवाल, हीरानगर, दयालाचक, छन रोरियां, कलिबाड़ी, लखनपुर और माधोपुर के रास्ते मुख्य बाजार पठानकोट पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा डेरा स्वामी जगत गिरी आश्रम में संपन्न होगी। श्रद्धालुओं से 27 नवंबर की शाम तक शोभायात्रा में शामिल होने वाली बसों और कारों की संख्या प्रबंधन समिति को बताने की अपील की गई है ताकि वाहनों के लिए स्टीकर, झंडे और अन्य व्यवस्थाएं समय पर की जा सकें। सभी प्रतिभागियों से 30 नवंबर को सुबह आठ बजे गुरुद्वारा पहुंचने का आग्रह किया गया है।
आयोजकों ने बताया कि शोभायात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी की समानता, एक ईश्वर की भक्ति, आंतरिक शुद्धता, श्रम की गरिमा, प्रेम और करुणा की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने गुरु जी के संदेश 'मन चंगा तो कठौती में गंगा' और बेगमपुरा की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं भेदभाव और असमानता से मुक्त समरस समाज की स्थापना की प्रेरणा देती हैं।
इसके अलावा 29 नवंबर को सुबह 11 बजे सिकंदरपुर कोठे स्थित सुखसागर भवन में भव्य महान संत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। श्री गुरु रविदास एसएस ट्रस्ट और श्री गुरु रविदास सत्संग सोसायटी जम्मू-कश्मीर की ओर से आयोजित यह सम्मेलन भी स्वामी गुरदीप गिरी जी महाराज के सानिध्य में होगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से दोनों धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की। प्रेसवार्ता में इंजीनियर आरसी भसीन, सीएल बनाल, केसर सिंह, इंजीनियर परस राम, दर्शन लाच और शाम लाल बस्सन सहित सभा, ट्रस्ट और सोसायटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा