3 जून से जम्मू और कश्मीर में बारिश और गरज के साथ बौछारों का एक नया दौर शुरू होने की संभावना

 

श्रीनगर, 01 जून (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने 3 जून से जम्मू और कश्मीर में बारिश और गरज के साथ बौछारों का एक नया दौर शुरू होने की संभावना व्यक्त की है। इस दोरान व्यापक वर्षा, तेज हवाएं और कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 जून को मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है हालांकि दोपहर बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। 3 जून को केंद्र शासित प्रदेश के कई स्थानों पर मौसम आमतौर पर बादल छाए रहने, बारिश, गरज के साथ बौछारें पड़ने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 4 और 5 जून को अधिकांश स्थानों पर एक या दो बार बारिश, गरज के साथ बौछारें, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की भविष्यवाणी की है। 6 जून को मौसम में आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 7 से 9 जून तक जम्मू और कश्मीर में आमतौर पर गर्म और शुष्क मौसम रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने अपनी सलाह में 3 से 6 जून के बीच छिटपुट स्थानों पर गरज, बिजली, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विभाग ने लोगों को गरज, बिजली और तेज हवाओं के दौरान घर के अंदर रहने की सलाह दी है। इसने प्रतिकूल मौसम की स्थिति में नौका विहार और शिकारा की सवारी को स्थगित करने का भी आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता