सामूहिक प्रयासों से ही बनेगा नशामुक्त समाज-डा. गुरु शर्मा
हीरानगर, 01 सितंबर (हि.स.)। जिला उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत उप जिला अस्पताल हीरानगर में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का आयोजन निदेशक स्वास्थ्य विभाग जम्मू डा. पूनम सेठी के नेतृत्व तथा जिला चिकित्सा अधिकारी कठुआ डा. विजय रैना की निगरानी में किया जा रहा है।
इस दौरान ब्लॉक नोडल अधिकारी नशा मुक्त भारत अभियान डा. गुरु शर्मा ने स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा वर्करों को युवाओं में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के प्रयासों से जम्मू-कश्मीर में नशे के खिलाफ अभियान को मजबूती मिली है। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर ही समाज को नशामुक्त बनाया जा सकता है। खंड चिकित्सा अधिकारी हीरानगर डा. रोमी शर्मा ने युवाओं को योग, खेलकूद एवं अन्य शारीरिक-मानसिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर जिला हेल्थ ऑफिसर डा. उत्तम, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर दविंदर सिंह सहित स्वास्थ्य कर्मी एवं आशा वर्कर मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया