नशा विरोधी अभियान को मजबूत बनाने के लिए शूरवीर संगठन का प्रतिनिधिमंडल एसपी रूरल से मिला

 


जम्मू, 10 जून (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शूरवीर संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी रूरल जम्मू रविंदर सिंह (जेकेपीएस) से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अभियान को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए और नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में प्रताप सिंह जम्वाल, अरुण सीके, एडवोकेट भानु रकवाल, शंकर सिंह चिब, रवि तंगोत्रा, निखिल शर्मा, दीपन सीके, एस. गुरजीत सिंह, ठाकुर देव करण सिंह, अमन शर्मा, रणजीत सिंह रकवाल, स्वर्ण चिब और आकाश कौल सहित अन्य सदस्य शामिल थे। विभिन्न क्षेत्रों से आए सदस्यों ने अपने-अपने इलाकों में नशे से जुड़ी समस्याओं और चिंताओं को एसपी रूरल के समक्ष रखा।

एसपी रूरल रविंदर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने युवाओं से भी नशा विरोधी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि युवा वर्ग के सहयोग से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है और नशा मुक्त समाज का निर्माण संभव है।

बैठक में थाना प्रभारी डोमाना बरुणेश्वर सिंह भी मौजूद रहे और उन्होंने भी प्रतिनिधिमंडल को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने समाज के प्रति समर्पित सेवाओं तथा नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए एसपी रूरल रविंदर सिंह और एसएचओ डोमाना बरुणेश्वर सिंह को सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक हितों की रक्षा के लिए दोनों अधिकारियों की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा