जश्न-ए-बहार राष्ट्रीय कला कार्यशाला में देशभर के कलाकारों का संगम

 


जम्मू, 15 अप्रैल (हि.स.)। जश्न-ए-बहार के तहत मास्टर संसार चंद बारू मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय कला कार्यशाला में देशभर के प्रख्यात कलाकारों का अनूठा संगम देखने को मिला। इस कार्यशाला में दिल्ली, मुंबई, पुणे और श्रीनगर से आए कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता और अनुभव से कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। प्रमुख कलाकारों में सूरज कुमार, संदीप मुरलीधर आहेर, राहुल जगन्नाथ म्हेत्रे, विजयलक्ष्मी दीपक मेर, नवनाथ रामचंद्र क्षीरसागर, सचिंद्र नाथ झा, जावेद इकबाल, शर्मिला शर्मा, ज़रगर ज़हूर, सैयद मुरसलीन और सुहैब अहमद हकीम शामिल रहे।

कार्यशाला के दौरान कलाकारों ने लाइव पेंटिंग, डेमोंस्ट्रेशन और प्रतिभागियों के साथ संवाद के माध्यम से पारंपरिक और आधुनिक कला शैलियों का प्रदर्शन किया। उनके कार्यों में गहराई, नवाचार और सशक्त अभिव्यक्ति देखने को मिली, जिसने उपस्थित छात्रों को नई प्रेरणा दी। कलाकारों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए उनकी तकनीक को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे यह कार्यशाला एक प्रेरणादायक अनुभव बन गई।

ट्रस्ट की अध्यक्ष अनुराधा ऋषि ने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी ने कार्यशाला को विशेष ऊंचाई दी है और युवा कलाकारों पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा