सौतेले बेटे द्वारा कथित तौर पर आग से जलाई गई 40 वर्षीय महिला ने दम तोड़ा

 

उधमपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)।बुधवार शाम को उधमपुर के हाउसिंग कॉलोनी स्थित अपने घर में सौतेले बेटे द्वारा कथित तौर पर आग लगाई गई 40 वर्षीय महिला ने देर रात जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में दम तोड़ दिया।

पीड़िता की पहचान हाउसिंग कॉलोनी निवासी और केशव वर्मा की पत्नी सुषमा देवी के रूप में हुई है। उनके सौतेले बेटे मोक्ष वर्मा ने कथित तौर पर उन पर डीजल डालकर घर के अंदर आग लगा दी थी जिससे उनका शरीर लगभग 70 प्रतिशत तक बुरी तरह जल गया था।

घटना के दिल दहला देने वाले दृश्य सामने आए हैं जिनमें महिला को आग की लपटों में घिरी हुई, मदद के लिए चीखती हुई और घर से भागने की कोशिश करती हुई दिखाया गया है।

पड़ोसियों को उनकी मदद के लिए दौड़ते और आग बुझाने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद परिवार के सदस्य सुषमा देवी को जिला अस्पताल उधमपुर ले गए जहां उनका प्रारंभिक उपचार किया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें विशेष चिकित्सा देखभाल के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। हालांकि बुधवार देर रात उनकी मृत्यु हो गई।

इस बीच उधमपुर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और घटना के संबंध में मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी कथित हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस वीडियो फुटेज की भी जांच कर रही है जो मामले में संभावित सबूत के रूप में सामने आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता