आर.एस. पुरा क्षेत्र के गांव बड़ियाल में 32 वर्षीय युवक की रविवार देर शाम सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
आर.एस. पुरा 16 नवंबर (हि.स.)। जम्मू के आर.एस. पुरा क्षेत्र के गांव बड़ियाल का निवासी 32 वर्षीय युवक की रविवार देर शाम सड़क हादसे में दर्दनाक मौत होने की खबर सामने आई है।
जानकारी के अनुसार राकेश कुमार सफेदी का काम करता था। रविवार को वह अपना काम समाप्त करने के बाद बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान चक मोहम्मदयार स्थित पीर बाबा के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने एक प्लांथ से जा टकराई। मृतक की पहचान राकेश कुमार उर्फ सोंगी पुत्र अशोक कुमार के रूप में हुई है। इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज थी जिसके चलते वह अपना संतुलन नहीं संभाल पाया। हादसे में राकेश कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत आर.एस. पुरा के उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आर.एस. पुरा अस्पताल के शवगृह में रखा गया है, जहां सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि राकेश कुमार विवाहित था और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। परिवार के एकमात्र सदस्य की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं युवक की मौत से गांव में मातम का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता