सोपोर छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान बर्बरता के लिए 8 उपद्रवियों को किया गिरफ्तार
सोपोर, 14 अप्रैल(हि.स.)। सोपोर पुलिस ने मंगलवार को कहा कि हाल के छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान बर्बरता में शामिल आठ उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने में उनकी भूमिका के लिए 25 और व्यक्तियों की पहचान की गई है। यह कार्रवाई स्थानीय लोगों, स्टाफ सदस्यों और पत्रकारों के कई वाहनों को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद की गई जबकि कुछ स्कूल संपत्ति को भी उपद्रवियों द्वारा निशाना बनाया गया था। विरोध प्रदर्शन के दौरान संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस ने कहा कि शेष पहचाने गए व्यक्तियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं उन्होंने दोहराया कि किसी को भी क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था को बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने जनता, विशेषकर युवाओं से शांति बनाए रखने और ऐसी किसी भी गतिविधि में शामिल होने से परहेज करने का आग्रह किया जिसके कानूनी परिणाम हो सकते हैं, उन्होंने कहा कि स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। इससे पहले सोमवार को, सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल सोपोर में तनाव पैदा हो गया था जब छात्रों ने आरोप लगाया था कि एक वरिष्ठ व्याख्याता ने उनके एक सहपाठी के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद परिसर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। दर्जनों छात्रों ने अपनी सुरक्षा को लेकर भय जताते हुए प्रदर्शन किया, नारेबाजी की और तत्काल कार्रवाई की मांग की विरोध के बाद पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर ने भी व्याख्याता को जांच लंबित रहने तक निलंबित कर दिया है जबकि अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता