श्रीनगर पुलिस ने एक संगठित मादक पदार्थों के नेटवर्क का किया भंडाफोड़, आठ लोगों को गिरफ्तार

 


श्रीनगर, 01 अक्टूबर (हि.स.)।श्रीनगर पुलिस ने प्रतिबंधित दवाओं की खरीद, परिवहन, भंडारण, वितरण और वित्तपोषण में शामिल एक संगठित मादक पदार्थों के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि इस दौरान आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया और 2.19 लाख से अधिक गोलियां और कैप्सूल जब्त किए गए। यह कार्रवाई सफाकदल पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर संख्या 135/2026 की जांच के दौरान की गई। पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क के संबंध जम्मू और कश्मीर से बाहर भी थे। पुलिस ने बताया कि अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें मोहम्मद वसीम जरगर, इनाम अहमद जरगर, साहिब अहमद गनी, अंसार हुसैन भट, पीर शकूर, हारून तारिक पंडित, अकीब सलीम और हारिस हमीद मल्ला शामिल हैं। अंसार भट को छोड़कर सभी आरोपी श्रीनगर के निवासी हैं। अंसार भट बडगाम का निवासी है।

पुलिस ने बताया कि मल्ला को तकनीकी निगरानी के जरिए ट्रैक किया गया और कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया। बरामद की गई प्रमुख वस्तुओं में 2,19,425 दवा की गोलियां और कैप्सूल, 3.830 किलोग्राम कोडीन युक्त तरल पदार्थ, लगभग 40 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ और लगभग 85.75 लाख रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य के 108 सोने के सिक्के, सोने के बिस्कुट और अन्य सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं। इनके अलावा दो रोलेक्स घड़ियां, एक डायोर बैग, एक डीएसएलआर कैमरा, एक आईफोन 16 प्रो मैक्स, दो खाली मैगज़ीन के साथ एक .32 कैलिबर पिस्तौल और एक खंजर भी बरामद किया गया है। दो वाहनों को भी कानून के तहत जब्त कर लिया गया है। वित्तीय जांच के तहत अदालत के आदेश पर बेमिना स्थित एक्सिस बैंक में जरगर के दो बैंक लॉकरों की तलाशी ली गई जिसमें लगभग 65 लाख रुपये नकद और लगभग 2.20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि आरोपी से जुड़े कई बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं और अब तक लगभग 1.07 करोड़ रुपये की पहचान की गई है। एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक आवासीय मकान और दो वाहन भी जब्त किए गए हैं।

आपूर्ति श्रृंखला की जांच के लिए पुलिस टीमें चंडीगढ़, पंचकुला और अंबाला गईं जहां दवा प्रतिष्ठानों और परिवहन एजेंसियों की जांच की गई और रिकॉर्ड एकत्र किए गए। दो अन्य संदिग्ध, फैजान फिरदौस उर्फ फरजान खंडे और मोहम्मद शाहवर गौर फरार हैं। पुलिस ने बताया कि डिजिटल उपकरणों का विश्लेषण किया जा रहा है और आगे और गिरफ्तारियां और बरामदगी हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता