जम्मू-कश्मीर में 65 में से 62 अमृत योजनाएं कार्यान्वयन के अधीन: सरकार
जम्मू, 20 फ़रवरी (हि.स.)। सरकार ने शुक्रवार को सदन को सूचित किया कि जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के लिए अमृत 2.0 के तहत 65 जल आपूर्ति योजनाओं को मंजूरी दी गई है जिनमें सोपोर निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक योजना भी शामिल है।
विधायक इरशाद रसूल कर के एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री जो प्रभारी मंत्री भी हैं ने सदन को बताया कि स्वीकृत योजनाओं में से 62 वर्तमान में कार्यान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं। मंत्री ने आगे बताया कि अभी तक कोई भी योजना पूरी नहीं हुई है या चालू नहीं की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि सोपोर जल आपूर्ति योजना और उधमपुर जल आपूर्ति योजना भाग I का तकनीकी मूल्यांकन पूरा हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि उधमपुर जल आपूर्ति योजना भाग II और पोखरीबल भाग II मूल्यांकन चरण में हैं, जबकि अमृत मॉडल पॉकेट 24x7 के विकास के लिए पुनः निविदा जारी की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता