बसोहली उत्सव में 500 धावकों ने भरी रफ्तार, विजेताओं को मिले दो लाख रुपये

 


कठुआ, 20 अक्टूबर (हि.स.)। बसोहली उत्सव-2026 के तहत आयोजित 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में करीब 500 धावकों ने हिस्सा लेकर खेल भावना और फिटनेस का संदेश दिया। अटल सेतु से शुरू हुई दौड़ दुनेरा होते हुए वापस रानी तालाब, बसोहली में संपन्न हुई। रावी नदी के किनारे प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित इस दौड़ ने क्षेत्र की पर्यटन क्षमता को भी प्रदर्शित किया।

पुरुष वर्ग में हिमाचल प्रदेश के विशाल सिंह ने पहला, देहरादून के प्रमोद सिंह ने दूसरा और उधमपुर के रोहित ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश के ऊना की निकिता शर्मा प्रथम, रुबीना द्वितीय और मध्य प्रदेश की रमणी पटेल तृतीय स्थान पर रहीं। आबकारी आयुक्त वैभव कोहली ने विजेताओं को सम्मानित किया। दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 50 हजार, 30 हजार और 20 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।

इस तरह कुल दो लाख रुपये के पुरस्कार वितरित किए गए। दौड़ को पूर्व मंत्री प्रेम सागर अजीज, विधायक दर्शन सिंह और एडीसी पंकज भगोत्रा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया