जीएमसी कठुआ से 50 वर्षीय महिला रहस्यमयी ढंग से लापता, परिजनों में हड़कंप
कठुआ, 17 मार्च (हि.स.)। जीएमसी कठुआ में उपचाराधीन एक 50 वर्षीय महिला के अचानक लापता हो जाने का मामला सामने आया है, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और परिजन बेहद परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार सांझी मोड़ कठुआ निवासी रहमती बेगम पिछले चार दिनों से जीएमसी कठुआ में भर्ती थीं और उनका इलाज चल रहा था। उनके साथ दो तीमारदार भी मौजूद थे। मंगलवार सुबह करीब 5रू30 बजे, जब एक तीमारदार कैंटीन में चाय लेने गया हुआ था और दूसरा वहीं मौजूद था, इसी दौरान रहमती बेगम अचानक वार्ड से बाहर निकल गईं और उसके बाद वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने तुरंत अस्पताल परिसर और आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस चैकी में शिकायत दर्ज करवाई। महिला के परिजन सैफ अली ने बताया कि उनकी मरीज बिना बताए अस्पताल से बाहर चली गई और तब से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द उनकी तलाश कर महिला को सुरक्षित ढूंढा जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में महिला की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया