आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और जीवनरक्षक तकनीकों पर 50 प्रतिभागियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
जम्मू, 23 फ़रवरी (हि.स.)। सरकारी शिक्षा महाविद्यालय नहर मार्ग, जम्मू में 5 दिवसीय सिविल डिफेंस बेसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सिविल डिफेंस जम्मू के उप नियंत्रक के पर्यवेक्षण तथा डिप्टी चीफ वार्डन आर. विजय मगोतरा के समन्वय से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में 50 छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ सदस्य भाग ले रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आपातकालीन प्रतिक्रिया, बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन और जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण देना है। विशेष रूप से हवाई हमले, प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले निवारक उपायों की जानकारी भी दी जा रही है।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ज्योति परिहार ने सिविल डिफेंस टीम का स्वागत करते हुए ऐसे उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्य वार्डन सिविल डिफेंस, जम्मू परमजीत कुमार ने अपने व्याख्यान में पांच दिवसीय प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सिविल डिफेंस की भूमिका के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। डिप्टी चीफ वार्डन आर. विजय मगोतरा ने सिविल डिफेंस वार्डन सेवाओं की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिविल डिफेंस राष्ट्रीय आपदा तैयारी तंत्र का महत्वपूर्ण अंग है जिसका उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संकट की घड़ी में त्वरित सहायता प्रदान करना है।
कार्यक्रम में एचसी अश्वनी कुमार, प्रशिक्षण प्रशिक्षक परशोत्तम कुमार तथा राजिंदर कुमार ने भी प्रशिक्षण सत्रों में योगदान दिया। प्रोफेसर शुभरा जम्वाल ने औपचारिक स्वागत भाषण देते हुए ऐसे प्रशिक्षण की महत्ता पर बल दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा