नवरात्र पर 48 साल पुरानी छड़ी यात्रा निकाली गई
जम्मू,, 18 मार्च (हि.स.)।
पहले नवरात्र के अवसर पर पिछले 48 वर्षों की परंपरा को निभाते हुए ब्राह्मण सभा परेड से माता वैष्णो देवी के लिए पवित्र छड़ी यात्रा (चढ़ी यात्रा) निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व अशोक गुप्ता ने किया, जिन्होंने इस परंपरा की शुरुआत 48 वर्ष पहले की थी। यात्रा ब्राह्मण सभा से शुरू होकर पुराने शहर के बाजारों से गुजरते हुए कटड़ा के लिए रवाना हुई। सेवकों द्वारा पवित्र ज्योति और चांदी की छड़ी को कंधों पर ले जाया गया, जिसे माता वैष्णो देवी भवन की पुरानी गुफा से प्रज्ज्वलित कर जम्मू के रानी पार्क स्थित याधो राम मंदिर में लाया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं से मंदिर में आकर ज्योति जलाने और अपने घरों में स्थापित करने की अपील भी की गई। यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर के लोगों की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की गई, वहीं कटड़ा में रोपवे परियोजना जल्द शुरू करने की मांग भी उठाई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता