नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण में 400 छात्रों और स्टाफ ने सीखे आपदा प्रबंधन के गुर
जम्मू, 29 सितंबर (हि.स.)। सिविल डिफेंस जम्मू की ओर से राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शास्त्री नगर और राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुबारक मंडी, पनतीर्थी में पांच दिवसीय सिविल डिफेंस बेसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। 24 से 29 सितंबर तक चले इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में दोनों संस्थानों के करीब 400 छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया।
उप नियंत्रक सिविल डिफेंस जम्मू जिया-उल-हक की देखरेख में आयोजित प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को आपदा और आपात स्थितियों से निपटने के लिए सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में प्राकृतिक आपदाओं, आग, सड़क दुर्घटनाओं और औद्योगिक हादसों के दौरान सिविल डिफेंस वार्डन व स्वयंसेवकों की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में बताया गया। मुख्य वार्डन परमजीत कुमार और उप मुख्य वार्डन आर. विजय मगोट्रा ने तैराकी, फ्लोटिंग एड्स तथा आपात स्थितियों में प्रथम प्रतिक्रिया से जुड़े विषयों पर व्याख्यान दिए। दोनों स्कूलों की प्रधानाचार्य मुसर्रत जबीन और नीलम कुमारी ने प्रशिक्षण आयोजन के लिए सिविल डिफेंस जम्मू के प्रयासों की सराहना की। प्रशिक्षण का समापन 29 सितंबर को प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी और धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा