डांस का महायुद्ध 2026’ में 400 बच्चों ने दिखाया हुनर, नशामुक्ति का दिया संदेश
जम्मू, 31 मई (हि.स.)। नशामुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत यूनिक डांसिंग इंस्टीट्यूट द्वारा जम्मू क्लब में ‘डांस का महायुद्ध 2026’ नामक भव्य अंतर-स्कूली नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के लगभग 400 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और नृत्य कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता एवं संवेदना सोसाइटी के चेयरमैन केशव चोपड़ा थे। इस अवसर पर यूनिक डांसिंग इंस्टीट्यूट के निदेशक सुनील शर्मा, एंकर रोहित बैंस तथा कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में केशव चोपड़ा ने जम्मू-कश्मीर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जन अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस नशा तस्करी तथा नार्को-आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने ‘नशे को कहें ना और प्रतिभा को कहें हाँ’ का संदेश देते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा को कला, संस्कृति और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए जम्मू-कश्मीर को नशामुक्त बनाने के लिए समाज, प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों पर बल दिया। इससे पहले संस्थान के निदेशक सुनील शर्मा ने सभी स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों, समर्थकों और हितधारकों का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा