बाढ़ सुरक्षा को लेकर सरकार सख्त-फतू कोटली में 2.47 करोड़ के कार्यों का शुभारंभ
जम्मू, 09 जून (हि.स.)। जल शक्ति, वन, पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने मंगलवार को अखनूर क्षेत्र के फतू कोटली (गर्खल) में चिनाब नदी के किनारे 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्यों का शिलान्यास किया।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रबंधन ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और यह परियोजना संवेदनशील क्षेत्रों को बाढ़ से सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले सभी कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने मढ़ ब्लॉक के भगतपुर गांव में तवी तटबंध के क्षतिग्रस्त हिस्से का भी निरीक्षण किया और जल्द बहाली के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए सक्रिय और तत्पर दृष्टिकोण अपनाना जरूरी है। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखींजिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया