बडगाम में तेंदुए के हमले में 16 भेड़ें मारी गईं, 17 घायल

 


बडगाम, 10 सितंबर (हि.स.)।

बडगाम ज़िले के चाडूरा इलाके में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात तेंदुए ने भेड़ों के एक झुंड पर हमला कर दिया जिसमें 16 भेड़ें मारी गईं और 17 अन्य घायल हो गईं। भेड़ों के मालिक इम्तियाज़ अहमद चोपन ने बताया कि उन्हें शक है कि उनकी भेड़ों पर तेंदुए ने हमला किया था हालांकि अभी तक उस जानवर की पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई है।

उन्होंने बताया कि वह जानवर रात के समय चाडूरा के बाडीपोरा गाँव में पशुओं के बाड़े में घुस आया और झुंड पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि हम अपनी आजीविका के लिए पशुपालन पर निर्भर हैं और इस घटना से हमें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

चोपन ने सरकार और संबंधित विभागों से अपील की कि वे पशुओं के नुकसान के लिए तुरंत मदद और मुआवज़ा दें।

इस बीच स्थानीय लोगों ने भी वन्यजीव विभाग से आग्रह किया कि वे घटनास्थल का निरीक्षण करें और इलाके में आगे ऐसे हमलों को रोकने के लिए ज़रूरी कदम उठाएँ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह