लखनपुर और घाटी में 14 ग्राम चिट्टा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
कठुआ, 10 सितंबर (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में करीब 14 ग्राम चिट्टा बरामद कर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा की निगरानी में की गई।
पहले मामले में थाना लखनपुर पुलिस ने हाईवे लखनपुर के पास गश्त के दौरान संदिग्ध हरदीप सिंह निवासी टारड़ा जगतपुर को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 10 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इस संबंध में थाना लखनपुर में एफआईआर नंबर 123/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22 में मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे मामले में थाना कठुआ की टीम ने घाटी क्षेत्र में गश्त के दौरान बिशव प्रताप सिंह निवासी बरनोटी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब चार ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इस मामले में थाना कठुआ में एफआईआर नंबर 448/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी या किसी अन्य अवैध गतिविधि की सूचना 112 या 9858034100 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया