बफलियाज पुंछ में आग से 13 दुकानें जलकर खाक
पुंछ, 07 जून(हि.स.)। पुंछ जिले के सुरनकोट तहसील के बुफलियाज इलाके में सुबह भीषण आग लग गई जिससे 13 दुकानें जलकर राख हो गईं।
पुलिस के अनुसार आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण एक दुकान में लगी और तेजी से बाजार में फैल गई और 13 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि स्थानीय निवासियों, सेना के जवानों, पुलिस और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास किए लेकिन आग इतनी भीषण थी कि इसने दुकानों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि अग्निशमन और आपातकालीन सेवा वाहन देर से मौके पर पहुंचे जिसके परिणामस्वरूप दुकान मालिकों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
सुरनकोट के थाना प्रभारी सैयद आबिद बुखारी ने कहा कि भीषण आग की घटना में 13 दुकानें पूरी तरह जल गईं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।
उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता