16 अक्टूबर को सुबह 7 बजे जम्मू के गंग्याल से निकलेगी माँ वनखंडी की 12वीं छड़ी मुबारक यात्रा

 

जम्मू, 12 अक्टूबर (हि.स.)।

डोगरा सेवा संभाल ट्रस्ट की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी माँ वनखंडी की पावन छड़ी मुबारक यात्रा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक यात्रा का 12वाँ आयोजन 16 अक्टूबर, शुक्रवार को सुबह 7 बजे जम्मू के गंग्याल से शुरू होगा।

यात्रा जिला कठुआ के महानपुर-बसौली स्थित शांतिवन पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु माँ वनखंडी और सीता माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

बसौली क्षेत्र के शांतिवन में स्थित माँ वनखंडी का पवित्र धाम श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां स्थित सीता माता का मंदिर भी धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।

डोगरा सेवा संभाल ट्रस्ट की ओर से आयोजित यह वार्षिक यात्रा क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं और सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस अवसर पर भाजपा जम्मू-कश्मीर के महामंत्री एवं जम्मू के पूर्व उपमहापौर बलदेव सिंह बिलावरिया ने सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी लोगों से यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

बिलावरिया ने कहा कि धार्मिक यात्राएं हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक एकता की प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने डोगरा सेवा संभाल ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस धार्मिक परंपरा को लगातार आगे बढ़ाना सराहनीय कार्य है। ऐसी यात्राएं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों तक धार्मिक मूल्यों को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

बलदेव सिंह बिलावरिया ने माँ वनखंडी से सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 16 अक्टूबर को सुबह 7 बजे गंग्याल से शुरू होने वाली पावन छड़ी मुबारक यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता