आधुनिक बागवानी तकनीकों का प्रशिक्षण लेने 120 किसान रवाना
हीरानगर, 30 सितंबर (हि.स.)। केंद्र प्रायोजित योजना मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर के तहत किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह जेकेएएस ने हीरानगर से किसानों की बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस एक्सपोजर विजिट में हीरानगर, बरनोटी और कठुआ जोन से 40-40 सहित कुल 120 किसान भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, वैज्ञानिक बाग प्रबंधन और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध करवाना है।
यात्रा के दौरान किसान आरएस पुरा के चकरोई स्थित सरकारी मेगा फ्रूट प्लांट नर्सरी का दौरा कर गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री, वैज्ञानिक नर्सरी प्रबंधन और बाग स्थापना की जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके अलावा एसकेयूएएसटी-जम्मू चठ्ठा स्थित जैविक एवं प्राकृतिक खेती केंद्र में जैविक एवं प्राकृतिक खेती की तकनीकों और टिकाऊ बागवानी उत्पादन में इनके उपयोग से अवगत होंगे।
एसडीएम ने किसानों से प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी कर विशेषज्ञों से अधिक से अधिक व्यावहारिक जानकारी हासिल करने का आह्वान किया। हीरानगर, बरनोटी और कठुआ के बागवानी विकास अधिकारी तथा संबंधित फील्ड कर्मचारी किसानों के साथ रहकर प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर गतिविधियों में सहयोग करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया