गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ की गूंज से गूंजा कठुआ, धूमधाम से हुआ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन
कठुआ, 25 सितंबर (हि.स.)। गणेश चतुर्थी के अवसर पर पिछले करीब 12 दिनों से गणेश महोत्सव की भक्ति में डूबा कठुआ शहर शुक्रवार को गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष से गूंज उठा। शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विधिवत पूजा-अर्चना के बाद ढोल-नगाड़ों और भव्य शोभायात्राओं के बीच विसर्जन किया गया।
कठुआ गणेश महोत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट सहित शहर के कई स्थानों पर गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं विराजमान की गई थीं। बीते 12 दिनों से श्रद्धालुओं ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की।
शुक्रवार को विसर्जन के अवसर पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल हुए और भक्तिमय माहौल के बीच भगवान गणेश को विदाई दी। गणेश महोत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से पंडाल में पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को फूलों से सजे वाहन पर विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु झूमते-नाचते हुए आगे बढ़े और पूरे रास्ते गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष लगाए गए। शोभायात्रा कठुआ शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई ड्रीम पार्क के समीप नहर के विसर्जन स्थल पर पहुंची जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक होकर भगवान गणेश से अगले वर्ष फिर से आने की प्रार्थना की। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया और श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारों में लीन रहे। इसी तरह कठुआ शहर के वार्ड नंबर चार में भी भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई थी। यहां भी श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा निकालकर गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। गणेश उत्सव के समापन पर शहर में दिनभर धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया