11 जून को मनाई जाएगी कमला पुरुषोत्तमा एकादशी, जम्मू में श्रद्धालुओं ने शुरू की तैयारियां

 




जम्मू, 09 जून (हि.स.)। जम्मू सहित पूरे क्षेत्र में कमला पुरुषोत्तमा (कमला) एकादशी को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। पंचांग के अनुसार द्वितीय (अधिक) ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि 10 जून की देर रात्रि 12:58 बजे से प्रारंभ होकर 11 जून की रात 10:37 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार कमला पुरुषोत्तमा एकादशी का व्रत 11 जून गुरुवार को रखा जाएगा। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के प्रधान महंत रोहित शास्त्री ज्योतिषाचार्य ने बताया कि अधिक मास में आने वाली इस एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इसे कमला, पद्मिनी और पुरुषोत्तमा एकादशी के नाम से भी जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि धर्मग्रंथों में इस व्रत को अत्यंत पुण्यदायी बताया गया है तथा भगवान लक्ष्मी-नारायण की आराधना से भक्तों को सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि एकादशी व्रत केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। इस दिन संयम, सदाचार और सत्संग का विशेष महत्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जरूरतमंदों को फल, वस्त्र, अन्न और अन्य सामग्री दान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि व्रत करने वाले श्रद्धालु प्रातः स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रत का संकल्प लें तथा भगवान श्रीगणेश और श्री लक्ष्मी-नारायण का विधिवत पूजन करें। विष्णु सहस्रनाम का पाठ, “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का जाप तथा एकादशी व्रत कथा का श्रवण विशेष फलदायी माना गया है।

जम्मू के विभिन्न मंदिरों में भी एकादशी पर्व को लेकर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्रद्धालु बड़ी संख्या में भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की आराधना कर व्रत का पालन करेंगे। धार्मिक विद्वानों के अनुसार कमला पुरुषोत्तमा एकादशी का व्रत जीवन में सकारात्मकता, आत्मिक शांति और धर्म मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा