जीडीसी महानपुर में 10 दिवसीय कंप्यूटर ऑपरेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
कठुआ, 21 नवंबर (हि.स.)। जीडीसी महानपुर में आयोजित 10 दिवसीय कंप्यूटर ऑपरेटर प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. डॉ. संगीता सूदन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया जिन्हें रिसोर्स पर्सन दिनेश शर्मा ने कंप्यूटर संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की। समापन समारोह में 40 से अधिक विद्यार्थियों सहित कॉलेज के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. संगीता सूदन ने एनएसएस समिति और रिसोर्स पर्सन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज के तकनीकी युग में कंप्यूटर साक्षरता और डिजिटल कौशल विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं।
कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस समिति की सदस्य डॉ. रुपाली जसरोटिया, डॉ. सपना देवी और प्रो. बिंती शर्मा के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाना और उनके रोजगार कौशल को विकसित करना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया