जीडीसी बसोहली में मिशन युवा के तहत 10 दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम संपन्न
कठुआ, 09 अप्रैल (हि.स.)। जीडीसी बसोहली में मिशन युवा के तहत आयोजित 10 दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम (हाइब्रिड मोड) के तीसरे बैच का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह कार्यक्रम 30 मार्च से 9 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें उद्यमिता, बिजनेस मैनेजमेंट, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और डिजाइन थिंकिंग जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन श्रम एवं रोजगार विभाग, जम्मू-कश्मीर द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से प्राचार्य प्रो. राजकिरण शर्मा के संरक्षण में किया गया। इसमें बसोहली ब्लॉक के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो क्षेत्र में उद्यमिता के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता कौशल, डिजिटल स्किल्स, नेतृत्व एवं प्रबंधन, वित्तीय एवं कानूनी साक्षरता तथा एआई जैसे विषयों की जानकारी दी गई। अंतिम दिन डॉ. नेहा बंद्राल ने साइबर सुरक्षा पर सत्र लिया और समापन अवसर पर प्रतिभागियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कुल 27 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 13 ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। समापन समारोह में डॉ. इरविंदर कौर, डॉ. रविंदर कौर, डॉ. शुभ कुमार शर्मा सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया