हिमाचल में मेरिट के आधार पर होगी शिक्षकों की भर्ती, जल्द शुरू होगी तीन हज़ार पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया : रोहित ठाकुर

 

शिमला, 23 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती पूरी तरह मेरिट के आधार पर की जाएगी और मंत्रिमंडल से मंजूर स्कूल शिक्षा विभाग के 3 हज़ार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में कुल 14 हज़ार भर्तियां पूरी की जाएंगी, जिससे सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होगी।

राज्य सचिवालय में वीरवार को मीडिया से बातचीत के दौरान रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के सीबीएसई घोषित स्कूलों में भर्ती प्रक्रिया जारी है। करीब 9 हज़ार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है और नियुक्तियां मेरिट के आधार पर की जाएंगी। उन्होंने बताया कि सीबीएसई स्कूलों में प्रिंसिपलों की नियुक्तियां भी की जा रही हैं। अब तक आठ जिलों में नियुक्तियां हो चुकी हैं और बाकी जिलों में भी यह प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भर्ती और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि पेपर लीक की आशंका कम करने के उद्देश्य से प्रदेश में कई भर्ती परीक्षाएं अब कंप्यूटर आधारित माध्यम से आयोजित की जा रही हैं। उनका कहना था कि सरकार का लक्ष्य निष्पक्ष और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

नीट पेपर लीक मामले पर शिक्षा मंत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह देश की परीक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनके अनुसार, समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अब तक इस्तीफा नहीं देने को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

रोहित ठाकुर ने कहा कि देशभर में नीट पेपर लीक को लेकर हो रहे आंदोलन केंद्र सरकार की नाकामी को सामने लाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य में पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से समस्या का समाधान नहीं होगा। परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाना समय की जरूरत है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय व्यवस्था को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

जेबीटी शिक्षकों द्वारा क्लस्टर सिस्टम का विरोध किए जाने के सवाल पर रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकार उनकी मांगों और समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यावहारिक और उचित समाधान होगा, उस पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा