हिमाचल में टीजीटी आर्ट्स के 409 पदों पर नियुक्ति, 10 दिन में ज्वाइनिंग के निर्देश
शिमला, 19 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) आर्ट्स के 409 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने शनिवार को राज्य चयन आयोग हमीरपुर की सिफारिशों के आधार पर ये नियुक्तियां की हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित विद्यालयों में नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से 10 दिन के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार इन शिक्षकों की नियुक्ति प्रशिक्षु आधार पर की गई है। नियुक्त अभ्यर्थियों को हर महीने 22,860 रुपये का निश्चित वेतन मिलेगा। यह राशि नियमित कर्मचारियों के वेतन मैट्रिक्स के प्रथम सेल के 60 प्रतिशत के बराबर है। प्रशिक्षु के रूप में प्रारंभिक नियुक्ति अवधि एक वर्ष की होगी। संतोषजनक कार्य प्रदर्शन के आधार पर इस अवधि को साल-दर-साल आगे बढ़ाया जा सकेगा। नियुक्ति से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी को संबंधित प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक के साथ बॉन्ड भरना होगा। इसमें प्रशिक्षु आधार पर नियुक्ति से जुड़ी सभी शर्तों को स्वीकार करना अनिवार्य होगा। कार्यभार ग्रहण करने की सूचना निर्धारित प्रपत्र पर निदेशालय को भेजने की जिम्मेदारी भी संबंधित अभ्यर्थी की होगी।
दस्तावेजों का सत्यापन अनिवार्य
विभाग ने विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे नियुक्त अभ्यर्थियों की शैक्षणिक और व्यावसायिक योग्यता के प्रमाणपत्रों के साथ चरित्र प्रमाणपत्र, श्रेणी प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस, बीपीएल और अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित करें। आदेशों में यह भी कहा गया है कि यदि किसी अभ्यर्थी को अस्थायी रूप से गैर-उप कैडर क्षेत्र में तैनाती दी गई है, तो आवश्यकता पड़ने पर उसे संबंधित उप-कैडर क्षेत्र में भी सेवाएं देनी होंगी। टीजीटी आर्ट्स के 409 पदों पर इन नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा