हरिपुरधार कॉलेज को बंद करने की तैयारी में सरकार : भाजपा
नाहन, 01 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश की सुक्खू सरकार पर सिरमौर जिला प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने हरिपुरधार कॉलेज को एक षड्यंत्र के तहत बंद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पहले तो इस सरकार ने डिग्री कॉलेज हरिपुरधार में बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए चलाए जा रहे हैं चार विषयों को बंद कर दिया और अब 31 जुलाई को सरकार द्वारा जारी फरमान के तहत इस कॉलेज से चार सहायक प्रोफेसर को स्थानांतरित करके संगड़ाह कॉलेज भेज दिया है और उनके स्थान पर हरिपुरधार में किसी भी प्रोफेसर का तबादला नहीं किया गया।
मेला राम शर्मा ने शनिवार को कहा कि डिग्री कॉलेज हरिपुरधार में कुल 7 स्वीकृत पदों में से अब चार शिक्षकों का तबादला होने के बाद मात्र तीन प्रोफेसर इस कॉलेज में शेष बचे हैं। उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय में सैकड़ो बच्चे अपने घर द्वार पर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं परंतु चार विषय समाप्त करने और अब चार प्राध्यापकों के तबादले के बाद इस कॉलेज में विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए मात्र तीन प्राध्यापक बच्चे हैं जिस कारण अपने भविष्य की चिंता में यहां से अधिकतर बच्चे नाहन या सोलन के महाविद्यालयों को पलायन करेंगे और जब इस कॉलेज में विद्यार्थियों की संख्या घटेगी तो विद्यार्थियों की कम संख्या का बहाना बनाकर यह तुगलकी सरकार निसंदेह ही इस डिग्री कॉलेज को बंद कर देगी।
उन्होंने सत्तारूढ़ दल को चेतावनी दी कि यदि इस कॉलेज के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ ना रोका गया तो आगामी 2027 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को के नेताओं को हाल का वही खामियाजा भुगतना पड़ेगा जो हाल ही में पंचायत पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव में देखने को मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर