सुक्खू सरकार को घेरने के लिए भाजपा लाएगी चार्जशीट, 13 सदस्यों की बनाई कमेटी
शिमला, 15 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सुक्खू सरकार को घेरने की रणनीति के तहत भारतीय जनता पार्टी ने 13 सदस्यीय प्रदेश स्तरीय चार्जशीट कमेटी का गठन किया है। इस समिति में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, रणधीर शर्मा, विक्रम ठाकुर, सुधीर शर्मा, बलवीर वर्मा, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, विधायक त्रिलोक जमवाल और वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा को शामिल किया गया है। भाजपा का कहना है कि यह समिति कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल का विस्तृत आकलन कर उसकी कथित नाकामियों का दस्तावेज तैयार करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में जनता का विश्वास तोड़ा है और विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उनके अनुसार सरकार के फैसलों, चुनावी वादों, प्रशासनिक कामकाज और भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े सभी मामलों का तथ्यात्मक संकलन कर जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकार के कामकाज को जनता के बीच ले जाएगी। डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार को घेरा भी जाएगा और उसकी किलाबंदी भी की जाएगी।
भाजपा ने चार्जशीट कमेटी के साथ एक अलग प्रदेश स्तरीय जन आंदोलन समिति का भी गठन किया है। इस समिति में डॉ. राजीव बिंदल, जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, सांसद कंगना रनौत, विधायक विपिन सिंह परमार, पवन काजल, विनोद कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, विधायक राकेश जमवाल, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद और विधायक डी.एस. ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के अनुसार यह समिति प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान, धरना-प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों, प्रदेश के विकास और सुशासन से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अपने चुनावी वादों और प्रशासनिक फैसलों पर जनता के बीच जवाब देना होगा। पार्टी का कहना है कि उसका अभियान राजनीतिक गतिविधि तक सीमित नहीं रहेगा और प्रदेश से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद कुमार ने दोनों प्रदेश स्तरीय समितियों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने आगामी राजनीतिक अभियान की औपचारिक तैयारी शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा