सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति जल्द, 9 हजार शिक्षकों की स्क्रीनिंग पूरी
शिमला, 09 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चल रही अनिश्चितता जल्द खत्म हो सकती है। राज्य सरकार ने इस मामले के समाधान के लिए उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का कहना है कि जल्द बैठक कर नियुक्तियों को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब 9 हजार शिक्षकों की स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब उनकी तैनाती को लेकर आगे की कार्रवाई की जानी है।
सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति का मामला पिछले कुछ समय से चर्चा में है। सरकार की ओर से पहले मेरिट के आधार पर इन-सर्विस शिक्षकों की नियुक्ति का निर्णय लिया गया था, लेकिन इस प्रक्रिया को अंतिम रूप नहीं मिल पाया। इस बीच नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा हुई और मामला कैबिनेट तक पहुंचा। इसके बाद सरकार ने पूरे विषय की समीक्षा के लिए एक समिति का गठन किया।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सरकार इस विषय पर गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य चयन आयोग के माध्यम से चयनित शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
जानकारी अनुसार समिति की बैठक में सीबीएसई स्कूलों में शिक्षक नियुक्ति से जुड़े नियमों पर भी चर्चा हो सकती है। कुछ प्रावधानों में बदलाव की संभावना पर विचार किया जा रहा है। हालांकि स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सरकार को अब तक की गई पूरी प्रक्रिया और भर्ती नियमों की जानकारी दे दी है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि वर्तमान नियमों में बड़े बदलाव करना आसान नहीं होगा, क्योंकि इससे नियुक्ति प्रक्रिया में नया विवाद या प्रशासनिक जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। निदेशालय के अनुसार सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के माध्यम से स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया था। इस परीक्षा में 9,821 शिक्षकों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 6,084 शिक्षक मेरिट सूची में शामिल हुए। इसके बाद शिक्षा निदेशालय ने काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी।
अब तक 147 प्रिंसिपलों की काउंसलिंग पूरी कर उन्हें स्कूल आवंटित किए जा चुके हैं। हालांकि शिक्षकों की नियुक्ति का अंतिम निर्णय लंबित रहने के कारण उनकी तैनाती की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है। ऐसे में हजारों शिक्षक और संबंधित स्कूल सरकार के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
सरकार की ओर से गठित उपसमिति अब नियुक्ति नियमों और प्रक्रिया पर अंतिम प्रारूप तैयार कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। इसके बाद सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा