सिरमौर में सितंबर माह के लिए ड्राइविंग टेस्ट और वाहन पासिंग का शेड्यूल जारी
नाहन, 30 अगस्त (हि.स.)। जिला सिरमौर में सितंबर के दौरान वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट की तारीखें तय कर दी गई हैं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) सिरमौर सोना चंदेल की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार जिले के अलग-अलग स्थानों पर पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किए जाएंगे।
शेड्यूल के मुताबिक नाहन में 7 और 23 सितंबर को पासिंग टेस्ट होंगे, जबकि 8 और 24 सितंबर को ड्राइविंग टेस्ट लिए जाएंगे। पांवटा साहिब में 15 सितंबर को निजी वाहनों और स्कूल बसों के लिए पासिंग टेस्ट होगा। 16 सितंबर को केवल व्यावसायिक वाहनों का पासिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा, जबकि 29 सितंबर को भी पासिंग टेस्ट होगा। यहां ड्राइविंग टेस्ट 17 और 30 सितंबर को निर्धारित किए गए हैं।
राजगढ़ में 3 सितंबर को पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट दोनों होंगे। कफोटा में 19 सितंबर को सुबह के समय पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन दोपहर बाद शिलाई में भी दोनों टेस्ट होंगे।संगड़ाह में 5 सितंबर को पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट होंगे, जबकि सराहां में 21 सितंबर को दोनों टेस्ट आयोजित किए जाएंगे।
आरटीओ सोना चंदेल ने बताया कि ये सभी टेस्ट मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) ई. विजय चौहान के निगरानी में होंगे। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वाले और पासिंग वाले अभ्यर्थियों से निर्धारित समय और स्थान पर उक्त तिथियों पर अपने दस्तावेजों के साथ पहुंचने की अपील की है। ताकि समय पर आगामी प्रक्रिया शुरू की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर