सिरमौर में ड्रॉप्स ऑफ होप की पहल, एक महीने में 48 यूनिट रक्तदान और चार प्लेटलेट्स डोनेशन

 


नाहन, 01 अगस्त (हि.स.)।

समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर ने जुलाई माह के दौरान रक्तदान और प्लेटलेट्स डोनेशन के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की लगातार मदद की। सोसायटी के संचालक ईशान राव ने बताया कि 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 के बीच संस्था के प्रयासों से विभिन्न अस्पतालों में कुल 48 यूनिट रक्तदान और चार प्लेटलेट्स डोनेशन कराए गए।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज नाहन में कुल 37 यूनिट रक्तदान हुआ। इनमें ए पॉजिटिव की 4 यूनिट, ओ पॉजिटिव की 8 यूनिट, एबी पॉजिटिव की 10 यूनिट, एबी नेगेटिव की 1 यूनिट, बी पॉजिटिव की 7 यूनिट, ओ नेगेटिव की 2 यूनिट और ए नेगेटिव की 5 यूनिट शामिल हैं।

इसके अलावा संस्था के सदस्य विजय, विजय कुमार, प्रमोद कुमार और सतविंदर ने पीजीआई चंडीगढ़ में एबी पॉजिटिव प्लेटलेट्स दान कर गंभीर मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं सदस्य अजय चौहान ने ओजस अस्पताल पंचकूला में बी पॉजिटिव रक्तदान किया।

ईशान राव ने कहा कि संस्था के सभी सदस्य दिन-रात निस्वार्थ भाव से सेवा में जुटे हैं। उनका उद्देश्य किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त की कमी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर