सिरमौर में किसान परिवार के भाई-बहन की बड़ी कामयाबी, एक साथ यूजीसी नेट परीक्षा पास कर लहराया परचम
नाहन, 31 अगस्त (हि.स.)। जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के शमोगा गांव निवासी भाई-बहन ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले दोनों भाई-बहनों ने अलग-अलग विषयों में राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा पास की है। उनकी उपलब्धि से शमोगा गांव सहित पूरे राजगढ़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जगदीश चौहान ने इतिहास विषय में नेट उत्तीर्ण किया है, जबकि उनकी बहन सपना चौहान ने राजनीतिक शास्त्र विषय में सफलता हासिल की है। एक ही परिवार के दो भाई-बहनों का अलग-अलग विषयों में यह उपलब्धि हासिल करना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
जगदीश और सपना के पिता जगतराम तथा माता कमलेश देवी किसान परिवार से संबंध रखते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों भाई-बहनों ने शिक्षा को प्राथमिकता दी और मेहनत, लगन व दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता हासिल की। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार दोनों ने पढ़ाई के दौरान कठिन परिस्थितियों को अपनी राह में बाधा नहीं बनने दिया। नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ दोनों आगे बढ़ते रहे।
जगदीश चौहान इससे पहले राज्य पात्रता परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं। अब इतिहास विषय में नेट पास कर उन्होंने अपनी शैक्षणिक फेहरिस्त में एक और उपलब्धि जोड़ ली है। वहीं, सपना चौहान ने राजनीतिक शास्त्र विषय में नेट यूत्तीर्ण कर परिवार की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा है। दोनों की सफलता से उनके माता-पिता और परिजनों में खासा उत्साह है।
जगदीश चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से वह इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहते हुए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर