सिरमौर के देव शर्मा का मास्टर नेशनल गेम्स में जलवा, गोल्ड और ब्रोंज पर जमाया कब्जा

 

नाहन, 22 मार्च (हि.स.)। खंड विकास कार्यालय संगड़ाह में सोशल ऑडिटर के पद पर कार्यरत देव शर्मा ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश और जिला सिरमौर का नाम रोशन किया है। चंडीगढ़ में आयोजित ‘5वीं मास्टर नेशनल गेम्स 2026’ में देव प्रकाश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए हैं।

बीते शनिवार को आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं में देव शर्मा ने अपनी रफ्तार और तकनीक का परिचय देते हुए एक स्वर्ण पदक और एक कांस्य पदक हासिल किया। एथलेटिक्स की दो अलग-अलग स्पर्धाओं में इन पदकों को जीतकर उन्होंने साबित कर दिया है कि उम्र और काम की व्यस्तता कभी खेल के प्रति जुनून को कम नहीं कर सकती।

यह पहली बार नहीं है जब देव शर्मा ने पदक जीते हों। इससे पहले भी वह 2017 में इंटर कॉलेज एथलेटिक्स में रजत पदक और 2017 में ही हमीरपुर मिनी ओलंपिक में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक जीत चुके हैं। अब मास्टर नेशनल गेम्स में पहली बार गोल्ड जीतकर उन्होंने अपनी सफलता में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

जिला एथलीट महासंघ सिरमौर के उपाध्यक्ष रविंद्र पवार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देव शर्मा ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन कर हिमाचल का मान बढ़ाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर