सराहन में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बोले- उन्होंने लोगों के दिलों पर राज किया

 


शिमला, 18 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का रविवार को उनकी जन्मस्थली सराहन में अनावरण किया गया। बुशहर स्पोर्ट्स कल्चर एंड एनवायरनमेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने करीब पांच दशकों तक प्रदेश की राजनीति को दिशा दी और लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। वह केवल रामपुर या रोहड़ू के नेता नहीं थे, उनकी लोकप्रियता पूरे हिमाचल में थी। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह आधुनिक हिमाचल के निर्माता थे। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसी सुविधाओं के विस्तार में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अग्निहोत्री ने कहा कि उन्हें वीरभद्र सिंह के मंत्रिमंडल में काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा मैं वीरभद्र सिंह की राजनीतिक पाठशाला का विद्यार्थी रहा हूं। उनके मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि मैं पिछले 25 वर्षों से लगातार विधायक के रूप में जनता की सेवा कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अनेक विधायकों, सांसदों और नेताओं को तैयार किया।

उन्होंने हिमाचल के निर्माण में डॉ. वाईएस परमार और प्रदेश को आधुनिक स्वरूप देने में वीरभद्र सिंह के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर भी वीरभद्र सिंह की आदमकद प्रतिमा स्थापित कर उन्हें सम्मान दे चुकी है।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वीरभद्र सिंह की विकास संबंधी सोच आज भी प्रासंगिक है। वर्ष 2003 में पहली बार विधायक बनने के समय वीरभद्र सिंह मुख्यमंत्री थे। उनका मूल मंत्र ‘सर्वत्र हिमाचल, सर्वत्र विकास’ था। ठाकुर ने कहा कि महान नेताओं के आदर्शों को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूरा हिमाचल वीरभद्र सिंह की कर्मस्थली रहा। वह मां भीमाकाली के प्रति गहरी आस्था रखते थे और अष्टमी पर सराहन आते थे। उन्होंने बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 250 करोड़ रुपये के सड़क उन्नयन कार्य चल रहे हैं। झाकड़ी के ब्रॉनी खड्ड पर पुल निर्माण के लिए 127 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।

पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने वीरभद्र सिंह को युगपुरुष बताते हुए कहा कि उन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा को प्राथमिकता दी। उनका योगदान प्रदेश की आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा