संविधान लीडरशिप कार्यक्रम के तहत युवा कांग्रेस तैयार करेगी संवैधानिक मूल्यों पर आधारित डिजिटल नेतृत्व।

 


नाहन, 12 जून (हि.स.)। लोकतंत्र में आमजन की आवाज को सशक्त बनाने के उद्देश्य से युवा कांग्रेस द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर ‘संवैधानिक लीडरशिप कार्यक्रम’ संचालित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से लोकतंत्र के तथाकथित ‘पांचवें स्तंभ’ को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, जो समाज और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से देश के समक्ष रख सके।

इसी कड़ी में शुक्रवार को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शुभ्रा जिंटा ने की तथा उन्होंने सिरमौर जिले में इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।

शुभ्रा जिंटा ने बताया कि यह कार्यक्रम युवा कांग्रेस द्वारा पूरे देश में चलाया जा रहा है और अब इसे सिरमौर जिले में भी आरंभ किया गया है। इसके तहत सोशल इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े ऐसे युवाओं को जोड़ा जाएगा, जो निडरता और निष्पक्षता के साथ जनता के मुद्दों को उठाने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से युवाओं को अपनी बात रखने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाने का अवसर मिलेगा। साथ ही यदि प्रतिभागियों की रुचि राजनीति में होगी तो युवा कांग्रेस उन्हें राजनीतिक नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए भी उचित मंच और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर