संजौली को मिला नया बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम, मुख्यमंत्री ने किया उदघाटन
शिमला, 08 जून (हि.स.)। राजधानी शिमला के उपनगर संजौली को एक नया बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम मिल गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को संजौली में 3.18 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्टेडियम का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने संजौली मैदान के विकास और सुधार के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। नवनिर्मित स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं के लिए खुला मैदान, ओपन हॉल, रसोईघर, हॉल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के तहत आयोजित हिमाचल प्रदेश की पहली “चिट्टा जागरूकता वॉलीबॉल प्रतियोगिता” का भी शुभारंभ किया।
उन्होंने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और विजेता टीम के लिए एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिलों से आई 13 टीमों के मार्चपास्ट की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को नशा निवारण की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशे से दूर रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संजौली क्षेत्र के लिए कई अन्य घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि यहां एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा संजौली होली मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा देने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में “खेलो इंडिया” प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए प्रयास कर रही है और इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ा दी गई है। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नई नीति भी जल्द लागू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिमला के निकट घटासनी में भी करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भी स्कूल के दिनों में खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया है और खिलाड़ियों की जरूरतों तथा चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी में भी बढ़ोतरी की है। अब प्रदेश के भीतर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रतिदिन 400 रुपये और प्रदेश से बाहर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वालों को प्रतिदिन 500 रुपये डाइट मनी दी जा रही है। इसके अलावा 200 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा करने वाले खिलाड़ियों को हवाई यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा