संगड़ाह में दिनदहाड़े तेंदुए का हमला, 2 बकरियों को बनाया शिकार

 

नाहन, 28 फ़रवरी (हि.स.)। सिरमौर के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के संगड़ाह उपमंडल स्थित किंकरी देवी पार्क में तेंदुए ने दिनदहाड़े हमला कर 2 बकरियों को मार डाला, जबकि एक घायल है और दो बकरियां अभी लापता हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार मंडोली गांव निवासी इंद्र सिंह की बकरियां जंगल में चरते-चरते पार्क परिसर में पहुंच गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। निवर्तमान पंचायत प्रधान विक्रम सिंह और पशुपालक इंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को तेंदुए ने 2 बकरियों को मौके पर मार डाला, जबकि एक गंभीर हालत में है। दो अन्य बकरियों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 27 लाख रुपये की लागत से राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता पर्यावरण प्रेमी किंकरी देवी की स्मृति में बना यह पार्क अधूरा पड़ा है। पार्क की फेंसिंग और मुख्य गेट टूटे होने के कारण आसपास के मवेशी अक्सर अंदर चले जाते हैं, जिससे वन्यजीवों के हमले का खतरा लगातार बना हुआ है।

उपमंडलीय पशु चिकित्सालय संगड़ाह के चीफ फार्मासिस्ट नरेश कुमार ने बताया कि दो मृत बकरियों का पोस्टमार्टम किया गया है और एक घायल बकरी का उपचार किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर