संगठन के कार्यकर्ता भाजपा की ताकत, कार्यकर्ताओं की मेहनतसे ही भाजपा सरकार बनेगी : डा. बिन्दल
नाहन, 19 दिसंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमारे संगठन की ताकत हैं और कार्यकर्ताओं की मेहनत, जोश और जुनून के बल पर ही आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार का तीन साल का कार्यकाल पूर्ण रूप से व्यवस्थाओं के पतन का रहा है जिसमें असंख्य जनविरोधी निर्णय लिये गये। कांग्रेस ने जो 10 झूठी गारंटिया चुनाव के वक्त दी थी उन्हें कांग्रेस सरकार पूरा करने में नाकामयाब रही।
भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल ने शुक्रवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत विक्रमबाग और देवनी पंचायतों के विभिन्न बूथों बूथ स्तरीय बैठकों के दौरान कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते व्यक्त किये।
डा. बिन्दल ने बूथ स्तरीय बैठकों की जानकारी देते हुए बताया कि इन बैठकों में जहां संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई वहीं स्थानीय समस्याओं पर भी गहरा चिंतन हुआ। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक गांव सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है किन्तु न तो सरकार और न ही सरकार के नुमायंदों को कोई फर्क पड़ रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश स्तर पर भाजपा अपने बूथ संगठन को लगातार मजबूत कर रही है। नाहन विधानसभा क्षेत्र के 121 बूथों पर भी चरणबद्ध ढंग से बूथ स्तरीय बैठकों का आयोजन किया जा रहा है।
डा. बिन्दल ने कहा कि विक्रमबाग-देवनी सहित नाहन क्षेत्र में जितने भी जनहित के संस्थान भाजपा कार्यकाल में खोले गए थे, प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही इनमें ताला लगा दिया गया क्षेत्र में विकास कार्य ठप्प पड़ें हैँ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर