शिरगुल देवता की पावन शोभायात्रा के साथ बैशाखी मेले का आगाज
नाहन, 14 अप्रैल (हि.स.)।जिला सिरमौर के राजगढ़ में मंगलवार को क्षेत्र के आराध्य देव शिरगुल देवता की पारंपरिक पूजा और पवित्र शोभायात्रा के साथ जिला स्तरीय शिरगुल देवता बैशाखी मेला आरंभ हो गया। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान समूचा राजगढ़ शहर ‘शिरगुल महाराज की जय’ के जयकारों से गूंज उठा। इससे पहले उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने राजगढ़ स्थित शिरगुल मंदिर में पूजा अर्चना की और शोभायात्रा का नेतृत्व किया।
यह भव्य यात्रा पुराने बस स्टैंड, सब्जी मंडी, हब्बन मार्ग से होते हुए नेहरू मैदान पहुंची, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। स्थानीय लोग पारंपरिक वेशभूषा में सजे नजर आए। ढोल-नगाड़ों और देव वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। मेले में अनेक दानी सज्जनों ने भंडारे का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
नेहरू ग्राउंड में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित करके मेले का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मेले और त्योहार प्रदेश की समृद्ध प्राचीन संस्कृति और सभ्यता के परिचायक है, जिसमें प्रदेश की संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि मेले की प्राचीन परंपरा को बनाए रखा जाना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति का ज्ञान हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर