शिमला से चार दिन से लापता नाबालिग भाई-बहन राजस्थान के श्रीगंगानगर में सुरक्षित मिले
शिमला, 16 जुलाई (हि.स.)। शिमला से पिछले चार दिनों से लापता 15 वर्षीय बहन और 14 वर्षीय भाई का राजस्थान के श्रीगंगानगर में पता चल गया है। जिला शिमला पुलिस ने दोनों नाबालिगों को सकुशल ट्रेस कर लिया है। पुलिस टीम आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को शिमला वापस ला रही है।
यह मामला बालूगंज थाना क्षेत्र का है।
12 जुलाई को दोनों बच्चों की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी 15 वर्षीय बेटी और 14 वर्षीय बेटा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिमला पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। बच्चों की तलाश के लिए पंजाब, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों में अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ मानव स्रोतों की भी मदद ली।
जांच के दौरान बालूगंज पुलिस ने शिमला आईएसबीटी के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। फुटेज में सामने आया कि दोनों भाई-बहन बस से चंडीगढ़ चले गए थे। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा दूसरे राज्यों तक बढ़ाया और लगातार उनकी तलाश जारी रखी।
तकनीकी विश्लेषण और मानव स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों नाबालिगों का राजस्थान के श्रीगंगानगर में पता लगा लिया। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चे सुरक्षित हैं।
फिलहाल पुलिस सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। इसके बाद पुलिस टीम दोनों बच्चों को सकुशल शिमला लेकर लौट रही है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि दोनों घर से किस कारण निकले और इस दौरान वे किन-किन स्थानों पर रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा