शिमला में धूमधाम से मनाई गई हनुमान जयंती, जाखू और संकटमोचन मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
शिमला, 02 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में गुरुवार को हनुमान जयंती का पर्व श्रद्धा और भक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जाखू मंदिर, संकटमोचन मंदिर सहित शहर के अन्य हनुमान मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। सुबह से ही भक्त मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचने लगे थे और पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन चलता रहा।
हनुमान जयंती के मौके पर जाखू मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने मंदिर के कपाट सुबह चार बजे ही खोल दिए थे, ताकि लोग सुचारु रूप से दर्शन कर सकें। इस दौरान मंदिर में हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। विशेष पूजा के बाद भगवान हनुमान को डेढ़ क्विंटल आटे का रोट भी अर्पित किया गया, जिसे परंपरा के अनुसार श्रद्धा के साथ चढ़ाया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी जाखू मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रही।
वहीं संकटमोचन मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर हनुमान जी के दर्शन किए। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्ति का माहौल बना रहा और सुंदरकांड पाठ व भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
हनुमान जयंती के अवसर पर शहर के अन्य हनुमान मंदिरों में भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के दर्शन कर अपने परिवार और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। पूरे दिन राजधानी शिमला में धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा