शिमला में किन्नर बनकर घूम रहे शख्स पर विवाद, बांग्लादेशी छात्र होने का दावा, जांच में जुटी पुलिस

 

शिमला, 28 मार्च (हि.स.)। राजधानी शिमला में किन्नर के भेष में घूम रहे एक शख्स को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। हिन्दू रक्षा मंच ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है और दावा किया है कि यह युवक एक निजी विश्वविद्यालय का छात्र है और कथित तौर पर बांग्लादेश से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी भी शुरू हो गई है। हालांकि इस पूरे प्रकरण पर अभी तक पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है और जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

हिन्दू रक्षा मंच की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि यह युवक किन्नर के भेष में मंदिरों के परिसर में घूमता और पैसे इकट्ठा करता देखा गया है। संगठन ने आरोप लगाया है कि युवक एक विशेष समुदाय से जुड़ा बताया जा रहा है और उसकी पहचान तथा गतिविधियों की जांच की जानी चाहिए। युवक के एक निजी विश्वविद्यालय में छात्र होने की बात सामने आई है और उसके बांग्लादेशी होने की आशंका जताई जा रही है। इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस मामले पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि इसकी तुरंत वेरिफिकेशन होनी चाहिए। उन्होंने शनिवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि अगर यह सच है कि कोई बांग्लादेशी नागरिक किन्नर के भेष में मंदिर जैसे संवेदनशील स्थानों पर जा रहा था, तो यह इंटेलीजेंस की बड़ी चूक मानी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ धार्मिक भावनाओं का नहीं, सुरक्षा से जुड़ा मामला भी है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए कि इसके पीछे कोई और मंशा तो नहीं है। उन्होंने सरकार से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई और विस्तृत जांच की मांग की।

वहीं शिमला शहरी क्षेत्र के कांग्रेस विधायक हरीश जनारथा ने भी कहा कि मामला उनके ध्यान में आया है और इसकी गंभीरता को देखते हुए जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई छात्र वीज़ा पर शिमला में रहकर किन्नर के भेष में मंदिरों में पैसे इकट्ठा कर रहा है, तो यह सही नहीं है और इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा