शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल के कुड्डू में किये करोड़ों के शिलान्यास-उदघाटन

 


शिमला, 05 अप्रैल (हि.स.)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को जुब्बल उपमंडल की सीमावर्ती ग्राम पंचायत कुड्डू में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 3 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नढाल सड़क का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही 1 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से बने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाडी रावत के नए भवन का उद्घाटन भी किया गया। मंत्री ने बटाड़ गांव में बनने वाले सामुदायिक भवन की आधारशिला भी रखी, जिसके निर्माण के लिए पहले चरण में 5 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

इस मौके पर स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि कुड्डू पंचायत उनके विधानसभा क्षेत्र की उत्तराखंड राज्य से सटी एक दूरस्थ पंचायत है और क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान इस पंचायत में सड़क और भवन निर्माण सहित कई विकास कार्य किए गए हैं और इसी क्रम में आज भी कई योजनाओं की शुरुआत की गई है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान इस पंचायत को काफी नुकसान हुआ था, लेकिन सरकार ने प्रभावित लोगों को तुरंत राहत पहुंचाई और जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया गया। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है और इस क्षेत्र में सड़क और भवन निर्माण से जुड़े करीब 550 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और छात्रों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में शिक्षा क्षेत्र के लिए 9,666 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उनका कहना था कि इस बजट के माध्यम से शिक्षा के आधारभूत ढांचे को और बेहतर बनाया जाएगा, जिससे प्रदेश के छात्रों को अपने घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

उन्होंने यह भी बताया कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलना क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे न केवल शिक्षा का स्तर बेहतर होगा, बल्कि स्थानीय छात्रों को अपने क्षेत्र में ही अच्छी शिक्षा मिल सकेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष से केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसके तहत बड़ी संख्या में शिक्षकों की भर्ती की जा रही है, विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए विदेश अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई को बढ़ावा दिया जा रहा है और छात्रों के लिए पौष्टिक आहार योजना भी लागू की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 151 स्कूलों को सीबीएसई से भी संबद्ध किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा