विधानसभा अध्यक्ष ने किया जिला स्तरीय बैशाखी मेला राजगढ़ का समापन

 


नाहन, 17 अप्रैल (हि.स.)। अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा कुलदीप सिंह पठानिया ने राजगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय बैशाखी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

इस अवसर पर जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि राजगढ़ का जिला स्तरीय बैशाखी मेला क्षेत्र के आराध्य देव शिरगुल महाराज के नाम पर आयोजित किया जाता है तथा धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक दृष्टि से यह मेला क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है, राजगढ़ क्षेत्र की वादियां बहुत दर्शनीय है । हम सौभाग्यशाली है कि हमें अपने देवी -देवताओं के चरणों में वास करने को मौका मिला है। हमारे प्रदेश की संस्कृति भारत के साथ-साथ पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि इस मेले को राज्यस्तरीय मेले का दर्जा प्रदान करने के लिए प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सौहार्द एवं आपसी भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है तथा किसी भी सुदृढ़ समाज की नींव उसकी समृद्ध संस्कृति पर ही निर्भर करती है। मेलों व त्यौहारों के माध्यम से जहां हमें अपने रीति-रिवाजों व परम्पराओं को संजोए रखने का मौका मिलता है, वहीं भावी पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति को देखने व जानने के अवसर प्राप्त होते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने मेला कमेटी को एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने जिला स्तरीय बैशाखी मेले की स्मृतियों को संजोये रखने के लिए आयोजन समिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर