रेणुका बांध विस्थापित माँगे पूरी होने पर बांध निर्माण में देंगे सहयोग

 

नाहन, 12 जुलाई (हि.स.)। सिरमौर जिले के श्री रेणुका जी में बनने वाले बांध को लेकर विस्थापितों के लिए कुछ अच्छे संकेत मिले हैं। डूब क्षेत्र में आने वाले लोगों की कई लंबित मांगों पर अब सहमति बननी शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन ने कुछ मांगें मान ली हैं, जिससे विस्थापित लोग भी संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

इसी विषय को लेकर रविवार को रेणुका बांध विस्थापित संघर्ष समिति ने नाहन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। समिति ने बताया कि विधायक रेणुका विनय कुमार के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन ने विस्थापितों की कई मांगें मान ली हैं। इनमें गृह विहीन लोगों को मुआवजा, बिजली मीटर बिल की अनिवार्यता हटाना, 152 आवासहीन लोगों की सूची तैयार करना और 31 दिन में इलाका खाली करने जैसी मांगें शामिल हैं।

समिति सचिव योगेश ठाकुर ने बताया किबांध प्रबंधन ने हमारी कई मांगों को मान लिया है। ये स्वागत योग्य कदम है। अब विस्थापित लोग भी बांध निर्माण कार्य में पूरा सहयोग करेंगे। हालांकि अभी कुछ मांगें लंबित हैं। हमें उम्मीद है कि उनका समाधान भी जल्द होगा।समिति के सलाहकार दुर्गा राम ने कहा कि विस्थापितों के लिए जो भूमि चयनित की जाए, प्रशासन ये ध्यान रखे कि वो भूमि कृषि योग्य भी हो और रहने योग्य भी हो। हम चाहते हैं कि विस्थापितों को दी जाने वाली जमीन खेती के लायक हो और वहां बसावट के लिए सभी सुविधाएं हों। तभी हमारा पुनर्वास सही मायने में हो पाएगा।

विस्थापितों की कुछ मांगें मानने से अब बांध निर्माण का रास्ता आसान होता दिख रहा है। देखते हैं बाकी लंबित मांगों पर प्रशासन कब फैसला लेता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर