युवा रोजगार सृजन में मोदी सरकार ने 12 साल में रचा नया इतिहास : अनुराग सिंह ठाकुर

 


हमीरपुर, 23 मई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 19वें रोजगार मेले के सफल आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश के युवाओं को रोजगार देने की दिशा में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कार्य किया है। देशभर के 47 स्थानों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, वित्तीय सेवाएं तथा उच्च शिक्षा विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभाग शामिल रहे।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार केवल वादे नहीं करती, बल्कि परिणाम देकर दिखाती है। रोजगार मेले की शुरुआत से अब तक आयोजित 18 संस्करणों के माध्यम से लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे बड़े और निरंतर चलने वाले रोजगार अभियानों में से एक है।

उन्होंने कहा कि 24 जनवरी 2026 को आयोजित 18वें रोजगार मेले में भी 45 स्थानों पर 61 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता और सुशासन का केंद्र बिंदु बन चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा