मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पांवटा साहिब कांग्रेस में उभरी फुट
नाहन, 20 अप्रैल (हि.स.)। पांवटा साहिब मंडल में हरप्रीत सिंह रतन की नियुक्ति के बाद घमासान मच गया है। नौबत यह आ गई है कि इस न्युक्ति के खिलाफ कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष को पत्र नहीं बल्कि, एफिडेविट लिखकर दे रहे हैं। नियुक्ति से पांवटा साहिब कांग्रेस में जबरदस्त फूट उभर गई है। पूर्व भंगानी जोन अध्यक्ष प्रदीप चौहान ठुन्डू ने नियुक्ति को गिरिपार क्षेत्र के साथ भेदभाव करार दिया। उन्होंने पार्टी के इस फैसले के खिलाफ एक दिन की भूख हड़ताल का ऐलान किया है।
पांवटा साहिब कॉंग्रेस मंडल में हरप्रीत सिंह रतन को मंडल अध्यक्ष बनाए जाने के बाद वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अब खुलेआम बगावत कर दी है। पूर्व विधायक किरनेश जंग ने इस नियुक्ति पर हैरानी जताई है। वहीं कुछ कार्यकर्ताओं ने दबी जुबान तो कुछ ने सरेआम बगावत का झंडा उठा लिया है। प्रदीप चौहान ने स्पष्ट किया कि इस न्युक्ति से कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि यदि 23 अप्रैल तक उनकी मांगों को नहीं सुना गया तो वह अपनी ही पार्टी के खिलाफ शिमला कांग्रेस मुख्यालय में एक दिन की भूख हड़ताल करेंगे। प्रदीप चौहान ने हैरानी जताते हुए कांग्रेस के खिलाफ बगावत कर और राजनीतिक लाभ पहुंचाने वाले व्यक्ति को अध्यक्ष बना दिया गया।
प्रदीप चौहान ने कहा कि पांवटा साहिब में गिरी पर क्षेत्र के 19 पंचायत को नजरअंदाज किया जा रहा है। पांवटा साहिब विधानसभा से पांच पद भरे गए हैं। सभी पद शहर या आसपास के क्षेत्र से भरे गए हैं? मंडल अध्यक्ष सहित सभी पद भरने में 19 पंचायत की अनदेखी हुई है। प्रदीप चौहान ने कहा कि विरोध जताने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को एफिडेविट भेजेंगे। प्रदीप चौहान ने कहा कि यदि 23 अप्रैल तक उनकी मांगों को नहीं सुना गया तो वह शिमला कांग्रेस मुख्यालय में एक दिन भूख हड़ताल करेंगे बात नहीं बनी तो दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष भी भूख हड़ताल करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर